मथुरा : सीएमओ ऑफिस पर मारपीट करने वाले चिकित्सक हटाए गए, डीएम ने बिठाई जांच

मथुरा। सीएमओ कार्यालय में सोमवार शाम को चिकित्सकों के मध्य हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने कार्रवाई करते हुए तीनों चिकित्सकों को पद से हटा दिया है। जिला प्रशासन को भी इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। वही जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने पूरे घटना की जांच रिर्पोट मांगी है। बताया जाता है कि सोमवार को मुख्य चिकित्सका अधिकारी कार्यालय में तीन चिकित्सकों के बीच मारपीट हो गई थी। विभाग की लड़ाई सड़क तक पहुंच गयी। अचानक हुए इस घटना से स्वास्थ्य विभाग की छवि धूमिल हुई है। वहीं शासन ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से घटना की जानकारी ली है।

डीएम नवनीत चहल ने भी इस पर नाराजगी जाहिर कर रिपोर्ट मांगी है। मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डा. रचना गुप्ता ने गोवर्धन केन्द्र प्रभारी डा.बीएस सिसौदिया, बरसाना केन्द्र प्रभारी डा.मनोज वशिष्ठ एवं फरह केन्द्र प्रभारी डा. गोपाल बाबू को पद से हटा दिया है। तीनों चिकित्सक उसी केन्द्र पर चिकित्सा कार्य करेंगे। गोवर्धन की जिम्मेदारी यहीं तैनात डा. सचिन शर्मा, बरसाना की जिम्मेदारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन राईया एवं फरह में डा.पारुल मित्तल को दी गई है। सीएमओ डा. रचना गुप्ता ने बताया कि मारपीट के घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं। जांच कमेटी में एसीएमओ डा.पीके गुप्ता, एसीएमओ डा.दिलीप कुमार एवं वरिष्ठ चिकित्सक डा.बीडी गौतम को शामिल किया गया है। कमेटी जांच कर जल्द अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौपेगी।

फरह। सीएमओ कार्यालय में गत दिवस चिकित्सकों के मध्य हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इसका संज्ञान शासन एवं जिला प्रशासन ने भी लिया है। इसी बीच फरह केन्द्र प्रभारी डा.गोपाल गर्ग ने झगड़े से आहत होकर अपना पद छोड़ दिया है। सीएमओ को भेजे पत्र में डॉ गोपाल ने कहा कि डा.बिजेन्द्र सिंह सिसौदिया एवं डाक्टर मनोज वशिष्ठ द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। इस घटनाक्रम से वह काफी आहत हैं। इसी के चलते वह चिकित्सा अधीक्षक के पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। वह इस मार पीट से काफी सदमें में है। इधर गत दिवस हुए घटनाक्रम से सीएमओ कार्यालय में तरह-तरह की चर्चा चल रही हैं। गौरतलब है कि सोमवार के सीएमओ कार्यालय में चिकित्सकों के मध्य लात घूंसे चले थे।