-अपनी नाकामी को छिपाने की कोशिश में लगी है भाजपा : भगवान सिंह
-पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर मथुरा के कांग्रेसियों ने की नारेबाजी
मथुरा। लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेसी नेता प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा के नेतृत्व में मथुरा से एक प्रतिनिधि मंडल सीतापुर के लिए रवाना हुआ ।
मंगलवार को सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस के बाहर काफी संख्या में मथुरा से पहुंचे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रियंका गांधी को शीघ्र रिहा करने की मांग की। पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने कहा कि प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी से आंदोलन किसानों के न्याय की गूंज को और मजबूती मिलेगी। लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र में हुई हिंसा निंदनीय है। सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी जी को रखा गया है उसे पीएसी के जवानों ने इस तरह से अपने घेरे में ले रखा है जैसे वह किसी बहुत बड़े अपराध में गिरफ्तार हुईं हों।
जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि आखिर भाजपा क्यों नहीं चाहती कि प्रियंका गांधी मृतकों के परिजनों से मिले। इसके पीछे उनकी मंशा ठीक नजर नहीं आ रही है। बिना किसी वारंट के आखिर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार क्यों किया, इसका भी जवाब अब सरकार को देना होगा। प्रदेश सरकार अपनी नाकामियां छिपाने की कोशिश कर रही है। उसका यह रवैया अहंकार भरा है। उन्होंने योगी सरकार और प्रशासन से साफ शब्दों में कहा है कि जब तक वे मृतक किसानों के परिजनों से नहीं मिलेंगी तब तक वह सीतापुर नहीं छोडेंगी। शहर अध्यक्ष पंडित एमएम शर्मा ने कहा कि योगी सरकार ने अंग्रेजों की याद ताजा कर दी। जिस तरह अंग्रेजों ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को झूठे केस लगा कर जेलों में बंद किया था, उसी तर्ज पर आज योगी सरकार ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी को झूठे केस में फंसाकर बंद कर दिया है।
इस दौरान प्रदेश सचिव मुकेश धनगर पूर्व जिलाध्यक्ष आबिद हुसैन जिला उपाध्यक्ष ठा. वीरेंद्र सिंह जिला सचिव रामगोपाल सिंह जिला सचिव पीपी सिंह आदि मौजूद रहे।