पांच हजार रु ले लिए फिर भी बिजली चोरी दिखा दी

ऊर्जा मंत्री ने अधिशासी अभियंता को सौंपी जांच

मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। कोतवाली रोड़ स्थित रामनारायण बाड़ा में रहने वाले अम्बरीश चंद्र गुप्ता ने क्षेत्रीय विद्युत अभियंता पर फर्जी बिजली चोरी दिखाकर उत्पीडऩ करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा से गुहार लगाई है।
पीडि़त का कहना है कि उसके द्वारा 30 सितंबर 2020 को एक बना हुआ मकान खरीदा था। कनेक्शन के लिए आवेदन करने के दौरान उसने उक्त मकान की रजिस्ट्री लगाई थी। इसके बाद क्षेत्रीय जेई होशियार सिंह ने टीम सहित मकान का निरीक्षण किया। जल्दी कनेक्शन जारी करने को लेकर 5000 रुपये मांगे। पांच हजार रुपये लेने के बाद अगले दिन 20 अक्टूबर 20 को मीटर लगवाया दिया गया। गत 21 जून 2021 को उन्होंने फिर से घर का सर्वे किया और वीडियो बनाई। इसके बाद लाइट काट दी गई। विभाग के कई बार चक्कर काटने के बाद पता चला कि टीम ने गलत तरीके से चेकिंग कर फर्जी बिजली चोरी दिखा दी है। इसका जुर्माना 50 हजार से अधिक का लगाया है। जुर्माना नया निर्माण दिखाते हुए लगाया गया। वीडियो में पूर्व में पड़ा हुआ मलवा दिखाया गया।

ऊर्जा मंत्री को दिए गए शिकायती पत्र में सीनियर सिटीजन श्री गुप्ता द्वारा अवगत कराया गया है कि उसके द्वारा किसी प्रकार का कोई नया निर्माण नहीं कराया गया है। जिससे मकान खरीदा उसके द्वारा अस्थाई कनेक्शन लेकर निर्माण कराया गया। अस्थाई कनेक्शन का पूर्ण भुगतान 31 अक्टूबर 2014 को किया गया। कनेक्शन विभाग ने समाप्त कर दिया। पीडित ने फर्जी बिजली चोरी एवं नया निर्माण दिखाने की शिकायत की विभागीय अधिकारियों से की तो उसका प्रार्थना पत्र किसी ने नहीं लिया। श्री गुप्ता के प्रार्थना पत्र पर ऊर्जा मंत्री ने अधिशासी अभियंता शहरी क्षेत्र को जांच के आदेश दिए हैं।