मथुरा में फर्जी ईडी अधिकारी गिरफ्तार: नीली बत्ती लगी कार से रोब झाड़ने वाला युवक गिरफ्तार
मथुरा में दो साल तक ईडी का फर्जी असिस्टेंट डायरेक्टर बनकर घूमता रहा जालसाज, पुलिस अधिकारी भी खा गए धोखा
यूपीएससी में असफल होने के बाद प्रतिमा पोर्टल से नियुक्ति का सुनाता था फर्जी किस्सा, पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी को हुआ शक तो खुली पोल
मथुरा। खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर करीब दो साल से लोगों पर रौब गांठ रहे एक जालसाज की आखिरकार पोल खुल गई। हैरानी की बात यह है कि शातिर इतना आत्मविश्वास के साथ अपनी फर्जी पहचान बताता था कि पुलिस अधिकारी भी उसकी बातों में आ गए। रिफाइनरी के पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी ने भी स्वीकार किया कि वह खुद उसके झांसे में आ गए थे। हालांकि उसकी बातों पर संदेह होने के बाद जब जांच कराई गई तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी के मुताबिक आरोपी नगला बर (दीनदयाल धाम) निवासी सचिन शर्मा पिछले करीब दो साल से खुद को ईडी का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर घूम रहा था। दो दिन पहले वह उनके कार्यालय में भी आया था। बातचीत के दौरान जब उन्होंने उससे पूछा कि उसका चयन कब हुआ था तो उसने बड़ी चालाकी से अपनी नियुक्ति की कहानी सुनाई। आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा दी थी लेकिन साक्षात्कार में असफल हो गया था। इसके बाद उसने प्रतिमा पोर्टल के माध्यम से साक्षात्कार दिया और तमिलनाडु में ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर उसकी नियुक्ति हो गई। बाद में उसका स्थानांतरण लखनऊ कर दिया गया और अब वह मथुरा में ही रहता है।
प्रवीण तिवारी ने बताया कि आरोपी की बातों पर उन्हें भी पहले विश्वास हो गया था लेकिन बाद में उसकी कहानी पर कुछ संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2023 की यूपीएससी परीक्षा का परिणाम डाउनलोड कर जांच की तो उसमें आरोपी का नाम कहीं नहीं मिला। इससे उसकी बताई गई नियुक्ति की कहानी संदिग्ध हो गई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर से फोन पर संपर्क कर आरोपी के बारे में जानकारी मांगी। वहां से स्पष्ट किया गया कि इस नाम का कोई अधिकारी प्रवर्तन निदेशालय में तैनात नहीं है। इसके बाद आरोपी की फर्जी पहचान की पूरी सच्चाई सामने आ गई।
बताया गया कि आरोपी मथुरा के रहने वाले आईआरएस अधिकारी मनु टेंटीवाल का नाम भी अपनी बातचीत में लेता था ताकि लोगों के बीच अपनी पहचान और प्रभाव जमा सके। इस तरह वह करीब दो साल से खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था। फर्जी अधिकारी का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।