डेंगू से बिगड़े मथुरा के हालत, ऊर्जा मंत्री के साथ डीएम पहुंचे जिला अस्पताल, शिकायत सुनकर रह गए दंग

मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। समूचे जनपद में वायरल फीवर ओर डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नही ले रहा, ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी इलाकों में भी अधिकांश घरों में लोग बीमार है। निजी अस्पतालों के साथ-2 सरकारी अस्पताल मरीजों से भरे है। गली मौहल्लों में उपचार करने वाले चिकित्सकों के यहां मरीजों की भीड़ लगी देखी जा सकती है। जिला अस्पताल में बैड कम पड गये है वहां अलग से एक और वार्ड बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर काबू पाने के लिए भरसक प्रयत्न कर रहा है। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों की टीम के अलावा जिला पंचायत राज विभाग की टीम एंटी लार्वा और फोगिंग कराने में जुटी हुई है। मलेरिया विभाग की टीम भी रात-दिन एक करके मच्छर मार दवा घरों और नालियों में छिड़क रही है। लैबों पर प्लेटलेट निकालने के लिए वेटिंग चल रही है।

बीमारियों को लेकर लगातार बिगड़ रहे हालातों को देखते हुए गुरूवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने जिला अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। आपात कालीन कक्ष के समीप बने इमरजेंसी वार्ड में जाकर भर्ती मरीजों से उन्हें मिल रहे उपचार व चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों के व्यवहार की जानकारी की। वार्ड में तथा बाहर उपचारत हालात को देखते हुए समीप में तत्काल प्रभाव से नया वार्ड बनाने के मौके पर निर्देश दिये। डीएम व मंत्री जिलाअस्पताल के बाद समीप में स्थित जिला महिला अस्पताल जहां प्रवेश करते ही तीमारदार ने उनसे शिकायत की कि ऑपरेशन थियेटर का कार्यभार संभाल रही डा. कल्पना तोमर ने उससे जबरन 5 हजार रू.ले लिये है। ऊर्जा मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी को इसकी जांच कर दोषी महिला चिकित्सक को दण्डित करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउण्ड चिकित्सक पर भी महिला मरीजों ने आरोप लगाये कि वह साडे दस ग्यारह बजे आती है और दो बजते ही कक्ष छोड़कर चली जाती है। यही नही शिकायत करने वालों ने यह भी बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले व्यक्ति के द्वारा भी 400 रू. तक की वसूली अभिभावकों से की जा रही है। जिसे सुनकर मंत्री व डीएम दंग रह गये। उन्होंने शिकायत कर्ताओं को आश्वासन दिया कि दोषी पाये जाने पर सभी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रचना गुप्ता, सीएमएस डा. मुकुन्द बंसल,महिला अस्पताल के सीएमएस डा. ब्रहमदेव भास्कर सहित अन्य चिकित्सक व चिकित्सा कर्मी तथा भाजपाई मौजूद रहे।