नई पहल : मथुरा वृंदावन के कूड़े से बनेंगी कुर्सियां-टेबल ,सार्वजनिक स्‍थानों पर लगाने की योजना

 पेप्सिको इंडिया ने शुरू किया टाइडी ट्रेल्स, मथुरा-वृंदावन में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन का प्रयास

भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय में सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा,नगरायुक्त अनुनय झा ने दिखाई हरी झंडी

मथुरा। भारत सरकार के स्‍वच्‍छ भारत मिशन के अनुरूप पेप्सिको इंडिया ने यूनाइडेट वे दिल्ली के साथ मिलकर आज मथुरा-वृंदावन में प्लास्टिक के कचरे के प्रबंधन के प्रयास टाइडी ट्रेल्स की शुरुआत की है जो कि मथुरा वृंदावन में प्‍लास्टिक कचरे के जिम्‍मेदार तरीके से निपटारे के लिए शुरू की गई पहल है। इसकी शुरुआत सचिव भारत सरकार आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय दुर्गा शंकर मिश्र और अनुनय झा आईएएस नगर आयुक्त नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने की। यह कार्यक्रम निगम के नगला कोल्हू प्लांट पर हुआ। इस दौरान सचिव श्री मिश्र द्वारा सम्पूर्ण प्लांट का निरीक्षण किया गया। नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु किये जा रहे प्रयासों का गहनता से अवलोकन किया साथ ही प्लांट पर वृक्षारोपण भी किया ।
इस प्रयास के अंतर्गत एक खास मोबाइल वैन तैनात की जाएगी जो नगर के 400 से ज़्यादा प्रतिष्ठानों तक जाकर जागरूकता फैलाएगी और इस्तेमाल किए जा चुके प्लास्टिक के कचरे को इकट्ठा करेगी। इस प्रयास का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को अपने पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के प्रोत्साहित करने और सशक्त बनाने के साथ-साथ अन्य समुदायों के लिए उदाहरण पेश करना है।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में राहुल शर्मा एसोसिएट डायरेक्टर पब्लिक पॉलिसी और गवर्नमेंट अफ़ेयर्स, पेप्सिको इंडिया जूही गुप्ता हेड ऑफ़ सस्टेनेबिलिटी पेप्सिको इंडिया और पल्लविका अहलावत प्रमुख – कार्यक्रम विकास और दाता संबंधयूनाइटेड वे दिल्ली मौजूद रहे। पूरे मथुरा-वृंदावन में 20 किमी से ज़्यादा इलाके में फैले आठ व्यावसायिक ज़ोन में संगठित और असंगठित दुकानें शामिल हैं ताकि ज़िम्मेदार तरीके से प्लास्टिक के कचरे प्रबंधन के प्रति व्यावहारिक बदलाव को प्रोत्साहित करा जा सके। लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पेप्सिको इंडिया और यूनाइटेड वे दिल्ली कुछ ऑन-ग्राउंड इवेंट ई-एजुकेशनल वर्कशॉप का आयोजन करने के अलावा आम लोगों के साथ-साथ व्यापारी समुदाय के लिए सूचनाप्रद सामग्री का वितरण भी करेंगे। इन प्रतिष्‍ठानों से इकट्ठा किए गए इस्तेमाल किए जा चुके प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा और इसे रिसाइकिल करने के लिए उपलब्‍ध कराया जाएगा। इस प्लास्टिक कचरे से कुर्सियां और टेबल जैसे उपयोगी प्रोडक्‍ट्स तैयार किए जाएंगे जिन्‍हें बाद में मथुरा वृंदावन में सार्वजनिक स्‍थानों पर लगाने की योजना है।

नगर आयुक्त अनुनय झा ने कहा कि मथुरा-वृंदावन नगर निगम स्वच्छ उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के लिए लगातार कई प्रयासों पर काम कर रहा है ताकि स्थानीय नागरिकों और समुदायों द्वारा प्लास्टिक कचरे को जिम्‍मेदार तरीके से इस्तेमाल करने को लेकर जागरूकता फैलाई जा सके।

इस साझेदारी के बारे में सीईओ यूनाइटेड वे दिल्ली सचिन गोलवलकर ने कहा हम टाइडी ट्रेल्स अभियान के लिए पेप्सिको इंडिया के साथ साझेदारी करने को लेकर उत्साहित हैं जो नागरिकों को अपने हर दिन के कचरे को सही तरीके से अलग करने और उसे निपटाने के बारे में सीखने के लिए प्रोत्साहित करता है।

पेप्सिको इंडिया कोसी कलां फ़ूड प्लांट के फ़ैक्ट्री हेड सतदल मुखर्जी ने कहा मथुरा में अपने आगामी फूड प्लांट की शुरुआत होने के साथ ही हम शुरू से शहर की विकास यात्रा का हिस्‍सा बनने को उत्‍सुक हैं। बीते वर्षों में पेप्सिको इंडिया ने अपने पार्टनर्स के साथ मिलकर कई री-साइकलिंग प्रयास किए हैं ताकि अलग-अलग बाज़ारों में सस्‍टेनेबल प्लास्टिक को वास्तविकता बनाया जा सके। टाइडी ट्रेल्स ऐसा ही एक प्रयास है जिसका उद्देश्य साफ-सफाई को बढ़ावा देना और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाना है। उल्‍लेखनीय है कि 400 प्रतिष्‍ठानों का चयन मथुरा वृंदावन में विभिन्‍न इकाइयों के निरीक्षण एवं उनका दौरा करने के बाद किया गया।