सपा की बैठक में व्यापारियों के उत्पीड़न पर जताई चिंता

सुरीर (मथुरा)। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की बैठक में व्यापारियों की समस्या को लेकर विचार विमर्श हुआ और काफी संख्या में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश सचिव एवं आगरा मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने कहा कि भाजपा के राज में व्यापारियों का खुला उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों को सरकारी विभाग तरह-तरह से परेशान कर रहे हैं। आगामी समय में आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के पश्चात व्यापारियों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण योजना चलाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अगर व्यापरियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी व्यापार सभा प्रदर्शन कर आवाज उठाने का काम करेगी। बैठक में काफी संख्या में व्यापारियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

जिला अध्यक्ष व्यापार सभा गुलशन गुप्ता ने कहा कि सपा के राज में व्यापारियों का विशेष ख्याल रखा जाता है।

बैठक में विष्णु गुप्ता इरफान हेमंत गुप्ता तेजा ठाकुर गणेश गुप्ता फहीम खान मदन सिंह डोरीलाल अंगद सिंह मुनेश गुप्ता पवन सिंह आदि उपस्थित रहे।