मथुरा में अपराधियों की अब खैर नहीं: ‘तीसरी आंख’ के पहरे में जनपद, एसएसपी ने किया हाईटेक कंट्रोल रूम का उद्घाटन

जिले के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर लगे अत्याधुनिक ANPR कैमरे ,​
चोरी के वाहनों का डेटा फीड होते ही कंट्रोल रूम में बजेगा अलर्ट
​24×7 निगरानी: पुलिस लाइन स्थित CCTNS कार्यालय से होगी पूरे जिले की मॉनिटरिंग

​मथुरा। जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों पर डिजिटल स्ट्राइक करने के लिए मथुरा पुलिस ने कमर कस ली है। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस लाइन स्थित CCTNS कार्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान एसएसपी ने पूरी प्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ​एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख स्थानों और विशेष रूप से जिले की सीमाओं (प्रवेश व निकास द्वारों) पर ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत स्थापित किए गए हैं जो तकनीक के मामले में बेहद एडवांस हैं।
​इस हाईटेक सिस्टम की सबसे बड़ी ताकत इसका डेटाबेस है। कंट्रोल रूम में चोरी हुए वाहनों का डेटा फीड रहेगा। जैसे ही कोई संदिग्ध या चोरी का वाहन इन कैमरों की नजर में आएगा सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी कर देगा। इससे पुलिस को अपराधियों की घेराबंदी करने और वाहन बरामद करने में सेकंडों का समय लगेगा।
​एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि “अपराध पर नकेल कसने की दिशा में यह प्रणाली एक मील का पत्थर साबित होगी।” किसी भी वारदात के बाद अपराधियों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान अब छिपी नहीं रह सकेगी। कंट्रोल रूम से 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया का समय भी बेहतर होगा।
​उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र निगम सहित जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में सुरक्षा का भाव पैदा करना और कानून व्यवस्था को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।

​”अब मथुरा की हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। संदिग्धों की पहचान अब सेकंडों में होगी, जिससे पुलिसिंग और अधिक स्मार्ट व प्रभावी बनेगी।” — श्लोक कुमार, एसएसपी मथुरा