वृंदावन में नगर निगम के पार्षदों ने नगर आयुक्त से समस्याओ को लेकर रोया दुखड़ा, नहीं सुन रहे निगम के अधिकारी
मथुरा। वृंदावन नगर में व्याप्त जनसमस्याओं के निदान को लेकर निगम के पार्षदों ने बुधवार को वृंदावन जोनल कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त के समक्ष अपना दुखड़ा रोया। वृंदावन क्षेत्र के सभी पार्षदों ने कहा कि पेयजल सड़क निर्माण सफाई की लंबित समस्याओं का काफी समय से निदान नहीं हो रहा जिससे उनको जनता के समक्ष शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। नगर आयुक्त ने सभी पार्षदों को आश्वासन दिया कि वह अति शीघ्र सभी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निदान कराएंगे। इस दौरान उन्होंने सहायक नगर आयुक्त सतेन्द्र कुमार तिवारी को आदेश किया कि वह प्रत्येक माह सभी पार्षदों के साथ मीटिंग कर जन समस्याओं को हल कराएं।
बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा को बारी-बारी से समस्त पार्षदो ने अपने अपने वार्डों में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया । पार्षदो ने उनको अवगत कराया कि कई कार्य पूर्ण करा दिये गये है कुछ कार्य शेष है। पार्षद हेमन्त भारती ने अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को पूर्ण कराये जाने की बात कही जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को कार्य समय से पूर्ण करने के आदेश दिए । वार्ड सं. 21 के पार्षद प्रतिनिधि उत्तम वघेल, वार्ड सं 41 पवन यादव, वार्ड सं. 44 लीलाधर, वार्ड सं. 69 मुन्नालाल निषाद एवं मनोनित पार्षद राहुल अधिकारी द्वारा वार्डों में सडक निर्माण कार्य कराये जाने का अनुरोध किया गया जिस पर नगर आयुक्त ने पत्रावली तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत किये जाने को कहा। कुछ पार्षदो ने पेयजलापूर्ति हेतु नलकूप लगवाये जाने की भी मांग की ।
बैठक में बताया गया कि वार्ड में पुलिया टूट जाती है एवं नाला क्षतिग्रस्त हो जाता है। बताने के बाबजूद कोई कार्यवाही काफी समय तक नहीं होती। नगर के कई वार्ड इलाको में प्रकाश व्यवस्था की कमी बताये जाने पर नगर आयुक्त ने एल.ई.डी. लाइट एवं सेमी मास्क लाइट लगाये के सहायक अभियंता प्रकाश को निर्देशित किया गया।
बैठक में पार्षद राधाकृष्ण पाठक जय शर्मा पंकज अरोडा वैभव अग्रवाल एवं मनोनीत पार्षद राजेश पण्डित, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, मुख्य अभियन्ता सिविल, महाप्रबंधक जल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य अभियन्ता सिविल, अधिशासी अभियंता सिविल, सहायक अभियंता जल/सिविल, अवर अभियन्ता जल/सिविल, सफाई निरीक्षक आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।