यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती बस बनी आग का गोला, 48 यात्रियों की बाल-बाल बची जान

बड़ा हादसा टला, चालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित

बाजना (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। माइल स्टोन 64 (बाजना कट) के पास हुई इस घटना में देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता के चलते बस में सवार सभी करीब चार दर्जन यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही माइलस्टोन 64 के समीप पहुंची अचानक इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही पलों में धुआं आग में बदल गया और बस में भगदड़ मच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को तेजी से नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों ने भी बिना देर किए बस खाली कर दी।

बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई। कई यात्रियों का सामान भी आग में जल गया क्योंकि उन्हें उसे निकालने का मौका नहीं मिल सका। बताया जाता है पूरी बस ख़ाक होने के पश्चात फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच सकी।
प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई जिसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घटना ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की फिटनेस पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।