लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने राम नवमी के अवसर पर बड़ा फैसला लेते हुए 26 और 27 मार्च को लगातार दो दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस निर्णय के तहत प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों ,बैंक और अन्य संस्थानों में दो दिन तक कामकाज बंद रहेगा। सरकार के आदेश के अनुसार 27 मार्च को राम नवमी का पूर्व निर्धारित अवकाश तो रहेगा ही, इसके साथ ही 26 मार्च को भी अतिरिक्त अवकाश घोषित किया गया है। इस फैसले का उद्देश्य आम जनता, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को पर्व को शांतिपूर्ण और पूरे उत्साह के साथ मनाने के लिए पर्याप्त समय देना है।

इस निर्णय से प्रदेश में धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। राम नवमी के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम, शोभायात्राएं और पूजा-अर्चना में लोगों की भागीदारी बढ़ेगी। अयोध्या, मथुरा और वाराणसी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। दो दिन के इस अवकाश के दौरान सभी सरकारी कार्यालय, सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालय, साथ ही अधिकांश बैंक और सार्वजनिक उपक्रम बंद रहेंगे। हालांकि आवश्यक सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। राम नवमी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
सरकार के इस फैसले से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग अपने परिवार के साथ पूजा पाठ, मंदिर दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राम नवमी हिंदू धर्म का एक प्रमुख पर्व है, जिसे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है।