ढाई करोड़ की ‘रेंज रोवर’ का झूठा रुतबा ! शादी में फायरिंग कांड के आरोपी तिलकवीर की हवाबाजी का पर्दाफाश
मथुरा । बीएसए कॉलेज के समीप सियाराम वाटिका में हुए चर्चित गोलीबारी कांड में नामजद पूर्व पार्षद तिलकवीर चौधरी अब एक और वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि जिस ढाई करोड़ की रेंज रोवर स्पोर्ट्स गाड़ी को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर शान दिखाई, वह उनकी नहीं बल्कि उनके मित्र और मन्नत ग्रुप के मालिक रितेश अग्रवाल की है। बताया जा रहा है कि तिलकवीर ने हाल ही में फेसबुक सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर पोस्ट डालकर दावा किया था कि उन्होंने यह लग्जरी गाड़ी खरीदी है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। जानकारी के अनुसार, गाड़ी रितेश अग्रवाल द्वारा बुक कराई गई थी और डिलीवरी के दौरान तिलकवीर ने उसे खुद लाने की बात कहकर अपने कब्जे में लिया।
इसके बाद वह दिल्ली स्थित शोरूम पहुंचकर परिजनों व दोस्तों के साथ फोटो खिंचवाते हुए खुद को गाड़ी का मालिक बताकर सोशल मीडिया पर प्रचार करता रहा। अब पूरे मामले के सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है कि बिना किसी स्पष्ट आय के स्रोत के इतनी महंगी गाड़ी खरीदने का दावा आखिर कैसे किया गया। वहीं, पहले से ही फायरिंग कांड में घिरे तिलकवीर की इस ‘हवाबाजी’ ने उनकी छवि पर और सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे मामला और अधिक सनसनीखेज बन गया है।