यूपी में गठबंधन की सियासत में कांग्रेस का बड़ा धमाका! सपा से मांगीं 181 विधानसभा सीटें

मथुरा की तीन सीटों पर भी कांग्रेस की नजर, आगरा-अलीगढ़ में भी ठोकी दावेदारी, 17 नवंबर से सीटों पर शुरू होगी आर-पार की बातचीत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की तस्वीर को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर ऐसा बड़ा दांव चला है जिसने सपा नेतृत्व के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है। कांग्रेस ने सपा नेतृत्व को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपकर साफ संकेत दे दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में छोटी भूमिका निभाने के मूड में नहीं है।

कांग्रेस की ओर से सौंपी गई सूची में 135 सामान्य सीटें 45 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें और एक अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट शामिल है। इस बड़ी मांग के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश की सियासत में अपनी हिस्सेदारी को लेकर मजबूत दावेदारी पेश की है।

ब्रज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता का संकेत दिया है। आगरा जनपद की आगरा ग्रामीण फतेहपुर सीकरी और खेरागढ़ विधानसभा सीटों पर पार्टी ने दावा ठोका है। वहीं मथुरा जनपद की मथुरा मांट और बलदेव विधानसभा सीटों को भी अपनी सूची में शामिल किया है। इसके अलावा अलीगढ़ की कोल इगलास और खैर सीटों पर भी कांग्रेस की नजर है।

सीटों को लेकर अब दोनों दलों के बीच सियासी मोलभाव का दौर शुरू होने जा रहा है। 17 नवंबर से सपा और कांग्रेस की गठबंधन कमेटियां सीटवार बातचीत करेंगी। इसमें प्रत्येक सीट के राजनीतिक समीकरण जातीय गणित पिछले चुनावों के परिणाम और दोनों दलों की संगठनात्मक ताकत को आधार बनाकर दावेदारी पर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग ने सपा के सामने गठबंधन की राजनीति का बड़ा इम्तिहान खड़ा कर दिया है। एक तरफ अखिलेश यादव के सामने गठबंधन की एकजुटता बनाए रखने की चुनौती होगी तो दूसरी तरफ अपनी पार्टी के नेताओं और मजबूत दावेदारों को संतुष्ट करना भी आसान नहीं होगा। अब निगाहें 17 नवंबर से शुरू होने वाली बातचीत पर टिकी हैं। सवाल बड़ा है कि सपा कांग्रेस की इस बड़ी मांग के सामने कितना झुकेगी और सीटों के बंटवारे में किसकी चलेगी? यूपी की चुनावी राजनीति में गठबंधन का असली चेहरा आने वाले दिनों में साफ होने लगेगा।