मथुरा। कल 10 जुलाई (गुरुवार) को मनाए जाने वाले गुरु पूर्णिमा /मुड़िया पूर्णिमा मेला के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने व्यापक स्तर पर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल टायलेट के प्रबंध किए हैँ।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। परिक्रमा से पूर्व और बाद में श्रद्धालुओं का मथुरा वृंदावन भी आगमन होता है। ऐसे देखते हुए नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट आदि आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि तीन पालियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। गोवर्धन चौराहा से सतोहा, मंडी चौराहा से पालीरखेड़ा, भूतेश्वर तिराहा से गोवर्धन चौराहा, नया बस स्टैंड व उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित है। कर्मचारियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है। साफ-सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को शीघ्र निस्तारण के लिए अतिरिक्त वाहनों की तैनाती की गई है। इसकी सम्पूर्ण निगरानी के लिए सभी जोनल अधिकारी नियुक्त किए हैँ। सफाई व्यवस्था के लिए सफाई एवं खाद्य निरीक्षक तथा जोनल सैनिटरी अधिकारियों को सुपरविजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि पंडालों एवं भंडारों की सफाई के भी प्रबंध किए गए हैँ। इस दौरान लगने वाले पंडालों एवं भंडारों की नियमित सफाई के लिए विशेष रूप से कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा सभी प्रमुख मार्गों व स्थलों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंडी चौराहा पर अस्थायी लाइटों की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही विश्राम कैंप भी लगाए गए है । श्रद्धालुओं के विश्राम हेतु मंडी चौराहा एवं गोवर्धन चौराहा पर टेंट के माध्यम से कैंप स्थापित किए गए हैं जिनमें बैठने के लिए कुर्सी, मेज, पंखे एवं लाउडस्पीकर की समुचित व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम द्वारा मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि मंडी चौराहा, गोवर्धन चौराहा, नया बस स्टैंड, माल गोदाम रोड, रेलवे ग्राउंड धौली प्याऊ एवं रेलवे जंक्शन के निकट मोबाइल टॉयलेट तथा शुद्ध पेयजल के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम मथुरा-वृंदावन श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मेले की सुव्यवस्था के लिए सतत रूप से कार्यरत है तथा यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी आगंतुकों को एक स्वच्छ सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त हो।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.