तनीशा बनीं मथुरा की एक दिन की बीएसए

मथुरा । उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रशासनिक रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से मथुरा में एक विशेष पहल की गई। इस क्रम में जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय (यूपीएस) धौली प्याऊ की कक्षा 8 की मेधावी छात्रा तनीशा को सांकेतिक रूप से एक दिन का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बनाया गया। ​एक दिन की बीएसए के रूप में कार्यालय पहुंची। छात्रा तनीशा का शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद तनीशा ने आधिकारिक कुर्सी संभालकर विभागीय कामकाज की बारीकियों को समझा।

​जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रतन कीर्ति ने इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत इस अनूठे आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवों से छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है और उनमें भविष्य में नेतृत्व संभालने की प्रेरणा जगती है। ​कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मेधावी छात्रा तनीशा को बधाई देते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।