मथुरा । शहरी रेड्स टीम ने शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर तीन स्थानों पर विद्युत अनियमितताएं पकड़ीं। जांच के दौरान घरेलू कनेक्शनों से व्यावसायिक एवं निर्माण कार्यों में बिजली का उपयोग होता मिला। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये का जुर्माना संभावित है। शहरी अधिशासी अभियंता रेड्स रवीन्द्र कुमार ढोलका के निर्देशन में सहायक अभियंता रेड्स भूपेन्द्र और जेई पवन एवं भरत सहित टीम के सदस्यों ने चेकिंग अभियान चलाया। टीम को सूचना मिली थी कि कुछ उपभोक्ता घरेलू विद्युत कनेक्शन लेकर उनका उपयोग व्यावसायिक कार्यों में कर रहे हैं। इस पर जयगुरुदेव बिजलीघर से पोषित औद्योगिक फीडर क्षेत्र में जांच की गई। यहां एक उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बिजली का उपयोग करता मिला। जांच में चार किलोवाट का लोड पाया गया।
इसके अलावा वृंदावन के चैतन्य विहार क्षेत्र में दो स्थानों पर घरेलू कनेक्शन से निर्माण कार्य में बिजली का उपयोग होता मिला। दोनों स्थानों पर साढ़े चार-साढ़े चार किलोवाट का लोड पाया गया। टीम ने तीनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आगे की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है।