मथुरा में जन्माष्टमी से पहले एफडीआई की बड़ी कार्रवाई: हाईवे पर 1200 किलो पनीर किया नष्ट

खाद्य विभाग की टीम ने कोसीकलां में पकड़ी तीन लाख कीमत की खेप, नमूने जांच को भेजे

मथुरा । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी सीपी सिंह के आदेश के अनुपालन में सहायक आयुक्त खाद्य डा. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने एनएच-2 स्थित हाईवे किंग ढाबा, कोसीकलां क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी को पकड़ा।

निरीक्षण के दौरान गाड़ी संख्या DL 1LAN2511 के चालक सत्यवीर पुत्र विश्वभर निवासी ग्राम खेड़ली जाल्लो थाना कामा जनपद डीग राजस्थान ने बताया कि वह लगभग 1200 किलो पनीर बिक्री के लिए लेकर जा रहा था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। जांच के दौरान कारोबारी द्वारा पनीर के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने तीन नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही जनहित को ध्यान में रखते हुए अस्वच्छ, दूषित और संदिग्ध पाए गए 1200 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सचल दल में जितेन्द्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह, अरुण कुमार और दिनेश भारती खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।