मथुरा में फॉर्म-7 के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! अल्पसंख्यकों के वोट कटवाने की साजिश का भंडाफोड़

समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने पकड़ी जालसाजी, डीएम से की शिकायत

मथुरा । जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के अंतर्गत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ पदाधिकारी एक विशेष समुदाय के मतदाताओं के नाम कटवाने के उद्देश्य से फर्जी तरीके से फार्म संख्या-7 भरवा रहे हैं।पिछले दो दिनों में विभिन्न विधानसभाओं के अलग-अलग बूथों पर अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए सैकड़ों फार्म-7 जमा कराए गए। आरोप है कि इन फार्मों को भरवाने वाले व्यक्ति केवल दो-तीन ही हैं, जिन्होंने भारी संख्या में गलत और भ्रामक तरीके से आवेदन जमा किए।

बलदेव विधानसभा के बूथ संख्या 178, 180, 181, 400, 401 व 402 तथा मांट विधानसभा के बूथ संख्या 93, 110, 111 व 112 पर कुल 400 से अधिक फार्म-7 जमा किए गए। जब बीएलओ ने गलत नाम काटने से इंकार किया तो उन पर मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाने का भी प्रयास किया गया।
समाजवादी पार्टी के बूथों पर तैनात बीएलए एवं पीडीए प्रहरियों ने इस साजिश को समय रहते पकड़ लिया और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव एवं वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी ने जिलाधिकारी से भेंट कर सभी फार्म-7 की प्रतियां सौंपते हुए पूरे मामले की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा फर्जी तरीके से फार्म-7 का दुरुपयोग कर किसी भी समुदाय के मतदाताओं के नाम नहीं काटने दिए जाएंगे।

समाजवादी पार्टी द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को सौंप दी गई है, ताकि मुख्य निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रदेशभर में हो रही फार्म-7 की जालसाजी का पर्दाफाश कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई कराई जा सके।