सनातन पर हमला अब नहीं सहेंगे – ब्रज में हुंकार भरेंगे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज

माघ मेला प्रकरण के विरोध में धर्मसभा को लेकर बड़ी घोषणा, शासन की नीतियों पर तीखा प्रहार

मथुरा । माघ मेला प्रकरण में शासन की भूमिका के विरोध तथा सनातन धर्म की रक्षा के लिए देशभर में उठ रही आवाज़ को और तेज करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने शीघ्र ब्रज में आकर विशाल धर्मसभा को संबोधित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा एवं श्री माथुर चतुर्वेदी समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में शासन के जनविरोधी एवं धर्मविरोधी कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य संरक्षक महेश पाठक ने की। सर्वसम्मति से माघ मेला प्रकरण पर कठोर आपत्ति दर्ज करते हुए शंकराचार्य को पूर्ण समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके उपरांत दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल ने वाराणसी स्थित महाराज जी के आश्रम पहुंचकर समर्थन पत्र सौंपा। इस दौरान गौ-रक्षा, पवित्र नदियों की अविरलता, मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण तथा सनातन पर हो रहे प्रहारों जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री पाठक के आग्रह पर पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने ब्रज में आकर धर्मसभा को संबोधित करने की सहमति प्रदान की। कार्यक्रम की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में संजय चतुर्वेदी (Alpine), राकेश तिवारी (एडवोकेट), वाराणसी से कन्हैया त्रिपाठी, पप्पे चौबे एवं निर्भय पाठक शामिल रहे।