मथुरा में कंटेनर से 1.25 करोड़ का गांजा बरामद , तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से लाकर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर खपाने की थी तैयारी
मथुरा । नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा और थाना रिफाइनरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर एक कंटेनर से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कंटेनर के साथ मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार और पुलिस अधीक्षक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स लखनऊ के संयुक्त निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने थाना रिफाइनरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान हरियाणा नंबर के कंटेनर (एचआर 73 बी 2186) को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 250 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार पुत्र पदम सिंह निवासी मोहम्मदपुर, थाना पिनगुआ, जिला नूंह (मेवात); नासिर पुत्र वसीर निवासी ग्राम शहजादपुर, थाना पिनगुआ, जिला नूंह (मेवात); और आशिफ अब्दुल करीम निवासी मोहम्मदपुर, जिला नूंह (मेवात) के रूप में बताई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी सतीश कुमार ने बताया कि वह 17 अक्टूबर 2026 को अपने साथियों के साथ खाली कंटेनर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर गया था। वहां जितेंद्र नामक परिचित से संपर्क कर गांजा खरीदा गया। इसके बाद ओडिशा के रायपंखा में कंटेनर में गांजा लोड किया गया और उसे लेकर वे वापस आ रहे थे। पूछताछ में कथित तौर पर यह भी बताया गया कि गांजे की खेप उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा के आसपास खपाने के लिए शमशेर नामक व्यक्ति को सौंपी जानी थी।
पुलिस मामले में गांजे की आपूर्ति करने वाले और इसकी तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।