वृंदावन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में 03 शातिर गिरफ्तार
03 तमंचे, कारतूस, नकदी, मोबाइल व बाइक बरामद, लंबा आपराधिक इतिहास उजागर
मथुरा। थाना वृंदावन पुलिस ने छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से 03 तमंचे, 03 जिंदा कारतूस, 05 खोखा कारतूस, 02 मोबाइल फोन, 5810 रुपये नकद और एक बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बीती रात्रि रात मुखबिर की सूचना पर थाना वृंदावन पुलिस टीम ने गौ ग्राम चौराहा से धौरेरा की ओर चैतन्य विहार क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवारों को घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की। मुठभेड़ में तीनों अभियुक्त घायल हो गए जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम गौरव पुत्र जगदीश, निवासी चन्द्रसखी मोहल्ला केसी घाट रोहित पुत्र रमेश निवासी ग्राम स्याहरा थाना शेरगढ़ विमल उर्फ लड्डू पुत्र रामबाबू निवासी केसी घाट है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने हाल ही में मिथिला कुंज के सामने एक महिला से पर्स छीनने तथा श्री राधावल्लभ मंदिर के पास यमुना घाट क्षेत्र में बाइक सवारों द्वारा महिला से पर्स छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं जिनके खिलाफ चोरी छिनैती आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने किया। टीम में निरीक्षक अपराध धर्मेन्द्र कुमार वरिष्ठ उपनिरीक्षक अभय शर्मा उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह तरार शिवकुमार शर्मा अरुण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
वृंदावन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय छिनैती गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।