मथुरा : 16 जनवरी को होंगे बार एसोसिएशन के प्रतिष्ठा पदक चुनाव, अध्यक्ष–सचिव ने गिनाईं उपलब्धियां
बोले—अधिवक्ताओं के सम्मान और हित से नहीं किया कोई समझौता
मथुरा। बार एसोसिएशन के प्रतिष्ठा पदक चुनाव 16 जनवरी (शुक्रवार) को संपन्न होंगे। चुनाव से पूर्व वर्तमान अध्यक्ष प्रदीप शर्मा एवं सचिव शिव कुमार लवानियां ने संयुक्त रूप से अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया और कहा कि पूरे कार्यकाल में टीम ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा की।
अध्यक्ष और सचिव ने कहा कि कार्यकाल के दौरान पुलिस–प्रशासन एवं अन्य विभागों से जुड़ी अधिवक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया गया और हर स्तर पर उनके मान–सम्मान को बनाए रखा गया। अधिवक्ताओं से निरंतर संवाद कायम रखते हुए बार एसोसिएशन को एक सशक्त और संगठित मंच के रूप में विकसित किया गया।
उन्होंने बताया कि करीब 30 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही विधायक श्रीकांत शर्मा की निधि से एक बड़ा आरओ प्लांट तथा कलेक्ट्रेट और सिविल परिसर में आठ छोटे आरओ लगवाए गए। अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा के लिए 200 बेंचों की व्यवस्था कराई गई, नए चैंबर बनवाए गए और वसुंधरा एन्क्लेव में चैंबरों को टीन मुक्त कराया गया।
वित्तीय उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के हित में एक करोड़ रुपये की एफडीआर कराई गई जबकि बार एसोसिएशन के बैंक खाते में करीब 25 लाख रुपये की राशि सुरक्षित है। इसके अलावा 1 करोड़ 45 लाख रुपये मृत अधिवक्ताओं के परिवारों को सहायता स्वरूप दिए गए, जिसमें प्रति परिवार 6 लाख रुपये की मदद शामिल है। गंभीर बीमारियों से पीड़ित अधिवक्ताओं को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
अध्यक्ष–सचिव ने बताया कि सामाजिक और सामूहिक गतिविधियों के तहत 654 अधिवक्ताओं को टूर कराया गया, साथ ही समय–समय पर विभिन्न कार्यक्रमों और स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन किया गया।