वृंदावन में धूमधाम से मनाया जाएगा ‘मो-हितोत्सव’, श्री राधावल्लभ मंदिर में उमड़ेंगे श्रद्धालू
वृंदावन। भक्ति और उपासना की पावन नगरी में श्री राधावल्लभ संप्रदाय के प्रधान पीठाधिपति एवं 18वें तिलकायत अधिकारी गोस्वामी जय श्रीहित मोहित मराल महाराज का जन्मोत्सव इस वर्ष भव्य रूप से ‘मो-हितोत्सव’ के रूप में मनाया जाएगा। यह दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव 6 व 7 जनवरी को प्राचीन श्री राधावल्लभ जी मंदिर परिसर में आयोजित होगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति, संगीत एवं नृत्य की त्रिवेणी बहेगी, जिसमें देश-विदेश से आए रसिकजन एवं श्रद्धालु सहभाग करेंगे।
मंगलवार, 6 जनवरी को प्रातः 10 बजे श्रीहित परिकर द्वारा भव्य नृत्य प्रस्तुति होगी। उसके उपरांत प्रातः 11 बजे मंदिर शिखर पर पारंपरिक ध्वजा पूजन उसके पश्चात सायं 5 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक जेएसआर मधुकर द्वारा भव्य भजन संध्या होगी। अगले दिन बुधवार 7 जनवरी को प्रातः 9 बजे श्रीहित गुरु परिकर (लुधियाना) द्वारा ‘श्रीहित भजन लहरी’ और सायं 5 बजे सुप्रसिद्ध भजन गायिका निकुंज कामरा द्वारा ठाकुर जी के पदों का सुमधुर गायन कार्यक्रम रहेगा। उल्लेखनीय रहे कि गोस्वामी जय श्रीहित मोहित मराल महाराज राधावल्लभ संप्रदाय के प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं। मो-हितोत्सव केवल एक जन्मोत्सव नहीं, बल्कि ब्रज की प्राचीन रस-रीति परंपरा को जीवंत रखने का अनुपम अवसर है। महाराज श्री के सान्निध्य में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं।