मथुरा के लाल लक्ष ने जीता रोलर स्केटिंग में कांस्य पदक

मथुरा । गाजियाबाद के पीजी मोहन स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन-1 रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में आर.आई. एस. के छात्र लक्ष शर्मा ने अपनी प्रतिभा और लगन का अद्भुत नमूना पेश करते हुए वन लैप रोड इन लाइन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर ब्रज मण्डल का गौरव बढ़ाया। इस चैम्पियनशिप में उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के सीबीएसई स्कूलों के लगभग डेढ़ हजार से अधिक स्केटर्स ने अपनी एकाग्रता और कौशल से खेलप्रेमियों का दिल जीता।

कोच शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि हाल ही में गाजियाबाद में हुई सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में आर,आई, एस के पहली कक्षा के होनहार छात्र लक्ष शर्मा ने अण्डर-9 आयु समूह में कांस्य पदक जीतकर मथुरा जनपद का गौरव बढ़ाया। चैम्पियनशिप में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 इनलाइन और क्वाड्स श्रेणियों के लिए टाइम ट्रायल 300 मीटर, 500 मीटर और 1000 मीटर दौड़ शामिल थीं। कोच ने बताया कि लक्ष ने अपने शानदार कौशल और सफलता से यह साबित किया कि रोलर स्केटिंग खेल ही नहीं बल्कि एक कुशल कला भी है। स्केटर्स लक्ष्य ने न केवल पदक जीता बल्कि आत्मविश्वास, टीम निर्माण, समय प्रबंधन और खेलभावना की भी मिसाल पेश की।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, आर,आई,एस के चेयरमैन मनोज अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या प्रिया मदान ने लक्ष को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।