यूपी में 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले , पार्थसारथी सेन प्रमुख सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा बने
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी है। मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के पास से सभी विभाग हटा लिए गए हैं। माना जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने स्वयं ये दायित्व छोड़े हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार का कद बढ़ाते हुए उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) भी बना दिया गया है। साथ ही बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार के पास से हटाकर पार्थसारथी सेन शर्मा को दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव पार्थसारथी के पास अभी तक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग थे। कुल 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शीर्ष नौकरशाही में हुए इस बदलाव में जहां अमित कुमार घोष, पी गुरुप्रसाद और रणवीर प्रसाद का कद बढ़ाया गया है, वहीं मुकेश कुमार मेश्राम और अमृत अभिजात को अपेक्षाकृत कम महत्व के माने जाने वाले विभाग मिले हैं। दीपक कुमार को कृषि उत्पादन आयुक्त व अपर मुख्य सचिव के साथ अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अध्यक्ष पिकप, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा, नागरिक उड्डयन एवं समन्वय विभाग और परियोजना निदेशक यूपीडास्प का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। नागरिक उड्डयन को छोड़कर ये सभी पद अभी तक मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के पास थे। दीपक कुमार को माध्यमिक व बेसिक शिक्षा की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।