डॉ आंबेडकर के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता: विनोद
उनके बताए मार्ग पर चलने से समाज का पूर्ण उत्थान संभव : जग प्रवेश
मथुरा । भारत रत्न डॉ बी. आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा भूतेश्वर स्थित सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर, नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं पार्षदगणों तथा निगम के अधिकारियों द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल ने डॉ. आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, समता और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि सभी लोग बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर एक समतामूलक एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की स्थापना संभव है। इस अवसर पर पार्षदगणों ने भी बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. आंबेडकर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया। अंत में कार्यक्रम में उपस्थित सभी पार्षदगणों एवं नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रद्धा एवं सम्मान के साथ उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में पार्षदगण एवं नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।