अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन बढ़ाना हमारा कर्तव्य : रतन कीर्ति
पांच शिक्षिकाओं के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित हुआ विदाई समारोह,स्मृति चिंह देकर किया सम्मानित
मथुरा । बेसिक शिक्षा परिषद की न्याय पंचायत सतोहा में जूनियर हाईस्कूलों में सेवारत पांच शिक्षिकाओं के सेवानिवृत्त होने पर डेम्पियर नगर स्थित एक होटल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं की सेवाओं को सराहा गया और उन्हें स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र देकर विदाई दी गई। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं के लंबे सेवा काल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित शिक्षक शिक्षिकाओं से कहा कि एक अप्रैल से जनपद में स्कूल चलो अभियान संचालित है। सभी अपने विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें और अभिभावकों को इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्री प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक प्रत्येक तहसील में विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। यदि नामांकन घटता रहा तो भविष्य में प्राथमिक विद्यालयों के अस्तित्व पर संकट आ सकता है इसलिए नामांकन बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक पूनम वैद्य सीतारानी चौरसिया रामेश्वरी शर्मा तथा शिक्षिका मीरा शर्मा और अंजुलि सिंह को सम्मानित कर विदाई दी गई। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत गीता कुमारी भारती दुबे शालिनी हरियाणा मीनाक्षी शर्मा गायत्री देवी और कल्पना ने किया। कार्यक्रम का संचालन सूर्यवीर सिंह यादव ने किया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी विनय प्रताप सिंह बेसिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र सारस्वत जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा एआरपी डोरी लाल शर्मा गिरीश कौशिक शांतनू चौधरी नीतू भार्गव जितेन्द्र मित्तल प्रदीप कुमार रीना अरोड़ा सरिता चौधरी समाजसेवी नानक चंद वर्मा राजीव रावत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।