नगर आयुक्त ने वृंदावन में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

मथुरा । नगर आयुक्त जग प्रवेश ने वृंदावन जोन में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर प्रदेश में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा इस अवधि में नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत ऐसे स्थलों की भी सफाई कराई जा रही है, जहाँ लंबे समय से सफाई नहीं हो पाई थी। साथ ही सभी पार्षदगणों की सहभागिता से गठित स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों के माध्यम से 70 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
गुरूवार को नगर आयुक्त जग प्रवेश ने क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम अधिकारियों/कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से वृंदावन क्षेत्र, वार्ड संख्या 13 सुनरख (बीआरसी के पास स्थित खाली मैदान) में श्रमदान किया। इस दौरान मैदान की संपूर्ण सफाई स्थानीय नागरिकों एवं सफाई मित्रों की भागीदारी से कराई गई।
साथ ही नगर निगम की आई इ सी टीम द्वारा आसपास के निवासियों एवं राहगीरों को कचरा न फैलाने, कचरा पृथक्करण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती मंजू, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता राम कैलाश, जल जोनल स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद्र, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक, नेचर ग्रीन कंपनी, रिसिटी तथा नागरिकगण उपस्थित रहे।
अभियान को व्यापक रूप देने के लिए नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग वार्डों में श्रमदान, रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय जनता को जोड़ा। वार्ड 14 लक्ष्मी नगर सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक द्वारा क्षेत्रीय पार्षद, सफाई निरीक्षक, सफाई कर्मियों एवं नागरिकों के साथ सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रताप नगर मोहल्ले के एक खाली प्लॉट की सफाई कराई गई एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
वार्ड 18 जनरल गंज में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार द्वारा जी आई सी इंटर कॉलेज से होली गेट तक स्वच्छता रैली निकाली गई एवं नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद विकास दिवाकर, सफाई निरीक्षक, सफाई मित्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वार्ड 20 कृष्णा नगर प्रथम में सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी द्वारा स्थानीय पार्षद देवेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक एवं सफाई कर्मियों के साथ मुख्य मार्गों पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया।