चौमुहां। मथुरा-दिल्ली हाईवे स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में बीटेक की 19 वर्षीय छात्रा की बुधवार को अपने हॉस्टल के कमरे में आग की चपेट में आकर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। छात्रा हाथरस के सहपऊ थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और बीटेक के पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद हॉस्टल में देर रात तक परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को छात्रा विश्वविद्यालय से लौटकर हाईवे स्थित अपने हॉस्टल पहुंची। उसने अपने कमरा नंबर तीन को अंदर से बंद कर लिया और और कमरे से आग की लपटे उठने लगी। बगल के कमरे में रह रही एक अन्य छात्रा ने चीखने की आवाज सुनी जिसके बाद उसने शोर मचाया। आसपास के दुकानदार और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कमरे का गेट तोड़ा लेकिन तब तक छात्रा की जलकर मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सीओ सदर और एसआई आरजे गौतम के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विश्वविद्यालय के अधिकारी भी घटनास्थल पर आए। पुलिस ने शव को कमरे से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी क्षेत्र में पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। क्षेत्र में सैकड़ों हॉस्टल बिना अनुमति और बिना नक्शे के चल रहे हैं। कई लोगों ने अपने घरों को ही हॉस्टल बना लिया है, जिससे आए दिन कोई न कोई घटना होती रहती है। इस घटना से आसपास के हॉस्टल संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.