स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी: विनोद अग्रवाल

मथुरा। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के आव्हान पर “स्वच्छता ही सेवा अभियान” का शुभारम्भ बुधवार को नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा उत्साह एवं जन-सहभागिता के साथ किया गया। यह अभियान 17 सित. से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता को केवल सफाई तक सीमित न रखकर इसे एक व्यापक जन-आंदोलन बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान की शुरुआत वार्ड संख्या 47 स्थित कंकाली मंदिर के पास खाली भू-भाग पर स्वच्छ्ता के साथ हुई। इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश ने स्वयं सफाई कर्मियों और नगर निगम अधिकारियों के साथ श्रमदान किया। पूरे नगर को संदेश दिया कि “स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है जिसमें समाज का हर वर्ग सहभागी होना चाहिए। उपस्थित नागरिकों और सफाईकर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
इस मौके पर महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि “स्वच्छता केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जब तक प्रत्येक नागरिक इस अभियान को अपना अभियान नहीं मानेगा तब तक हमारा नगर पूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाएगा।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि नगर निगम ने इस अभियान को योजनाबद्ध तरीके से लागू करने का निर्णय लिया है। आने वाले दिनों में विशेष रूप से नालों एवं सड़कों की सफाई, प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण, स्वास्थ्य शिविर तथा सफाई मित्रों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्रमदान के दौरान नगर आयुक्त द्वारा अपील कि गयी कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में बढ़ चढकर हिस्सा लें। उक्त अभियान को पर्व के रूप में मानते हुये अपने आस-पास सफाई रखकर स्वच्छता का संदेश दें। यदि सभी नागरिक अपने आस-पास स्वयं सफाई रखेंगे तो कही भी गन्दगी उत्पन्न न होगी। हमें मथुरा को स्वच्छ व स्वस्थ्य बनाना है।
इसी क्रम में महापौर द्वारा प्रातः वृंदावन जोन में केसी घाट श्रृंगार घाट प्रेम विद्यालय पर सहायक नगर अनुज कौशिक जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक एवं नगर निगम सफाई मित्रों के साथ श्रम दान किया गया।

वार्ड 1, विर्जापुर में कल्पना सिंह चौहान सहायक नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियो के साथ श्रमदान कर कूड़ा स्थल की सफाई का कार्य कराया गया। साथ ही पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया। वार्ड 10 औरंगाबाद एवं बंगाली घाट पर सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त वार्ड संख्या 3, गिरधरपुर राकेश कुमार त्यागी सहायक नगर आयुक्त द्वारा सफाई अभियान चलाया गया।