मथुरा वृंदावन के पार्कों की दशा दिशा बदलने में जुटे नगर आयुक्त

मथुरा। बारिश के मौसम में वृक्षारोपण का महत्वपूर्ण समय होता है। वर्तमान समय में योगी सरकार वन महोत्सव मना रही है। इसी क्रम में मथुरा वृंदावन नगर निगम भी अपने क्षेत्र के विभिन्न पार्कों के अलावा महत्वपूर्ण सड़को पर पौधारोपण करने के साथ-साथ उनके रखरखाव, सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने शनिवार को महानगर के वार्ड संख्या 19 स्थित आनंदपुरम पार्क एवं राजा महेंद्र प्रताप सिंह पार्क रामनगर यमुना पार में औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान पार्क की साफ-सफाई, हरियाली, रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया।
नगर आयुक्त ने पार्क के समुचित रखरखाव , झूलों एवं बाउंड्री वॉल पर वॉल पेंटिंग, मुख्य द्वार व बोर्ड की रंगाई-पुताई फुटपाथ की इंटरलॉकिंग टाइल्स की मरम्मत पेड़-पौधों एवं घास की नियमित कटाई-छंटाई कर हरियाली को बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम का निरंतर प्रयास है कि ऐसे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं हराभरा बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान पार्षद यतेंद्र माहौर एवं उमेश कुमार अवर अभियंता – निर्माण उपस्थित रहे।