वृंदावन के विभिन्न क्षेत्रों से हटाया गया अतिक्रमण , सामान किया जब्त लगाया जुर्माना

वृंदावन। हरियाली तीज, रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आदि त्यौहारों को देखते हुए नगर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा वृन्दावन नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत छटीकरा तिराहा से गोपालगढ़, इस्कॉन मंदिर, विद्यापीठ चौराहा होते हुए जुगलघाट तक के मार्ग एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए । इसके साथ ही परिक्रमा मार्ग में भी विशेष ध्यान देते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान 22 ठेले 25 स्टूल 04 बोर्ड 02 बेंच जब्त करने के साथ 8 हजार रु का जुर्माना वसूल कर संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई।
नगर आयुक्त जग प्रवेश का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों पर बिना अनुमति लगाए गए ठेला, रेहड़ी अथवा अन्य सामग्री को अतिक्रमण की श्रेणी में रखते हुए सख्त कार्यवाही की जाएगी। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार का अनाधिकृत अतिक्रमण करता पाया गया तो उसका सामान तत्काल जब्त किया जाएगा एवं संबंधित के विरुद्ध जुर्माना सहित आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी ।
कार्यवाही के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चन्द प्रवर्तन दल टीम अनिरूद्ध मिश्रा आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।