मथुरा में गृहकर जमा करने के लिए निगम ने बढ़ाई सुविधाएं डीडी प्लाजा में लगा विशेष शिविर

रविवार को भी खुले निगम के सभी जोनल कार्यालय

मथुरा। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति में अब मात्र दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देश पर कर विभाग द्वारा शहरभर में अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते अपना गृहकर (हाउस टैक्स) जमा कर सकें।
इसी क्रम में रविवार को मथुरा के डीडी प्लाजा कंप्यूटर मार्केट में विशेष कर शिविर का आयोजन किया गया जिसमें व्यापारियों और दुकानदारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में करदाताओं ने अपना बकाया गृहकर जमा किया। आयोजन को सफल बनाने में हर्षवर्धन मंगल की प्रमुख भूमिका रही।
करदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय 29 मार्च (रविवार) को भी सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहे। कर जमा करने का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है जिसमें एक घंटे की अतिरिक्त वृद्धि की गई है। अवकाश के दिन भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालयों में उपस्थित रहकर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त (कर प्रभारी) अनिल कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम ने सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जोनल कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से जल्द से जल्द अपना गृहकर जमा करें।

👉 ऑनलाइन भुगतान के लिए: https://mathura.upptax.org/⁠�
⚠️ महत्वपूर्ण सूचना:
31 मार्च 2026 के बाद बकाया गृहकर पर 12% वार्षिक ब्याज देय होगा।