– सरकार की बेहतर पहल से वृंदावन में बढ़ेगा रोजगार, खूब आएगा पैसा
मथुरा। वृंदावन में बिहारीजी कोरिडोर और मंदिर न्यास के समर्थन में अब सेवायत गोस्वामी भी आने लगे हैँ। श्रीबाँकेबिहारी मंदिर के सेवायत अब कोरिडोर और मंदिर न्यास को वृंदावन के विकास के लिए आवश्यक बताते हुए इसे सरकार की बेहतर पहल बता रहे हैँ।
शुक्रवार को वृंदावन में श्रीबाँकेबिहारी मंदिर की शयन भोग सेवा के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बिहारी जी कोरिडोर और मंदिर न्यास का खुलकर समर्थन किया है। देश भर की सुर्खियों में छाए इस विषय पर सेवायत दिनेश गोस्वामी ने मीडिया के समक्ष कहा कि बिहारी जी कोरिडोर बनने से वृंदावन में और भव्यता दिव्यता आएगी। इससे किसी को कोई दिक्क़त नहीं होने जा रही है। सरकार ने वायदा किया है कि जमीन अधिग्रहण से पीड़ितों के साथ न्याय होगा। उन्हें अच्छा पैसा दिया जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। सरकार ने मंदिर न्यास के गजट में स्पष्ट किया है कि सेवायतों के सेवा पूजा के रोस्टर तथा अन्य किसी प्रकार के सेवा अधिकारों का हनन नहीं होगा। सेवा रोस्टर में कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।
2016 में मंदिर की मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य रहे शयन भोग सेवा के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कहा कि मंदिर न्यास और कोरिडोर बनने से बहुत बेहतर व्यवस्थाएं हो जाएंगी। वृंदावन में लोगों को बहुत ज्यादा रोजगार मिलेगा। इस समय जो लोग आ रहे हैँ उनकी संख्या दोगुनी हो जाएगी। 50 करोड़ लोग यहाँ आएंगे, वो पैसा कहाँ जाएगा। वृंदावन में ही रहेगा। वृंदावन के लोगों को ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ पाने के लिए कुछ खोना भी पड़ता है। वृंदावन के विकास और श्रीबाँकेबिहारी जी के भक्तों की सुविधा के लिए कोरिडोर और मंदिर न्यास बहुत जरूरी है। वह इन दोनों ही बिंदुओं पर सरकार के फैसले का पुरजोर समर्थन करते हैँ। ये सरकार की बेहतर पहल है। सेवा पूजा के अधिकार यथावत रहने चाहिए।