मथुरा। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में बुधवार को कैंट बिजली घर पर भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के निजीकरण, स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बढ़ते विद्युत बिलों के खिलाफ आवाज उठाते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन विद्युत मुख्य अभियंता को सौंपा।
जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण की दिशा में कदम बढ़ा रही है, जिससे आम जनता और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबवेलों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं पर अधिक बिल का बोझ डाला जा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं को स्पष्ट बिल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा और केवल मोबाइल संदेश के माध्यम से राशि भेजी जा रही है। बकाया होने पर बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने और भारी जुर्माना लगाने का भी आरोप लगाया गया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बिजली के निजीकरण से हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट आ सकता है और भविष्य में बिजली दरों में वृद्धि की आशंका है।
कांग्रेस ने सरकार के सामने मांग रखी कि बिजली विभाग का निजीकरण तत्काल रोका जाए, ट्यूबवेलों को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगे और उपभोक्ताओं को स्पष्ट बिल दिया जाए। साथ ही बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने पर भी रोक लगाने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही जनहित में निर्णय नहीं लिया तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में ललिता देवी, रूपा लवानिया, भगवान देवी, अर्पित जादौन, अनाम धन्य तिवारी, रवि वाल्मीकि, गौरी शंकर यादव, अप्रतिम सक्सेना, हकीम चोकर, टिंकू धनगर, करन निषाद, अजीम शाह, महेश चौबे, रमेश कश्यप, शैलेश यादव, विपुल पाठक, अशोक निषाद, अभय प्रताप सिंह, शैलेंद्र चौधरी, भगवान सिंह, बालवीर प्रधान, कुंवर सिंह निषाद, अमित खोकर, अश्वनी शुक्ला, प्रवीण ठाकुर, हरीश पचौरी, हाशिम हुमेर, धीरू चौधरी, सुरेश शर्मा, अनिल खरे, बनवारी लाल, संतोष श्रीवास्तव, देवेंद्र निषाद, नसरुद्दीन अब्बासी, पूरन सिंह, नीरज, ललतेश, मोनू, मंजू, सुमन, गुड्डी, सपना, बलबीर सिंह, राजेश कुमार, विवेक कुमार, मनोज गौड़, विक्रम बाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.