मथुरा। छाता क्षेत्र के गांव नरी सेमरी में चैत्र नवरात्र के अवसर पर प्रसिद्ध देवी माता का मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं जिससे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
श्रद्धालु देवी मां के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। धार्मिक आस्था के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का भी विशेष महत्व देखने को मिल रहा है जहां बड़ी संख्या में लोग अपने छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार भी करवा रहे हैं जिसे शुभ माना जाता है।
मेले की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मेले में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है। चौकी प्रभारी ललित चौधरी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के तहत पीएसी के जवानों के साथ स्थानीय थाना पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस लगातार मेले में गश्त कर रही है ताकि महिलाओं बच्चों और बाहर से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद ले सकें।