मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व संग्रह के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए कर एवं करेत्तर मद में करीब 148 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। इसे नगर निगम के इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में निगम को 88 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जबकि इस वर्ष इसमें लगभग 60 करोड़ रुपये (करीब 68 प्रतिशत) की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इस वृद्धि से नगर निगम की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत हुई है।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए विभिन्न पार्षद नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों का सम्मान किया। पार्षद राकेश भाटिया, अभिजीत चौधरी, राजीव कुमार सिंह, मुन्ना मलिक, श्रीमती नीलम गोयल, राकेश यादव, लीला प्रधान, मनोज धनगर, इंजीनियर देवेंद्र कुमार, हनुमान गुर्जर, अंकुर गुर्जर एवं बृजेश अहेरिया ने संयुक्त रूप से नगर आयुक्त जग प्रवेश को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके नेतृत्व की सराहना की।
इसके साथ ही अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव, कर निर्धारण अधिकारी अरविंद यादव सहित कर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उनके बेहतर प्रबंधन और कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी गई।
राजस्व में हुई इस वृद्धि से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। स्वच्छता, सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में यह उपलब्धि अहम भूमिका निभाएगी।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम के समन्वित प्रयास और करदाताओं के सहयोग को देते हुए कहा कि भविष्य में भी बेहतर कार्यप्रणाली के साथ नगर के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.