मांट पुलिस की ईमानदारी, रुपये से भरा बैग मालिक को लौटाया
यमुना एक्सप्रेस-वे के फूड प्लाजा पर छूटा था बैग, टोल कर्मियों ने पुलिस को सौंपा
मथुरा। थाना मांट पुलिस ने ईमानदारी का परिचय देते हुए यमुना एक्सप्रेस वे स्थित फूड प्लाजा पर छूटे बैग को उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया, जिसमें 50 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान रखा था।
जानकारी के अनुसार 29 जून को सुबह करीब 10 बजे जबलपुर से हरियाणा की ओर जा रहे एक व्यक्ति अपनी कार (MP 20 CC 0508) से यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन-100 स्थित फूड प्लाजा पर रुके। इस दौरान वे फ्रेश होने के लिए बाथरूम गए और जल्दबाजी में अपना काला बैग बाहर ही भूलकर आगे बढ़ गए।
कुछ देर बाद टोल कर्मियों को लावारिस बैग दिखाई दिया, जिसे उन्होंने तत्काल थाना मांट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बैग की जांच कर उसमें रखे दस्तावेजों के आधार पर उसके स्वामी की पहचान की और उनसे संपर्क स्थापित किया।
थाना मांट पुलिस ने बैग स्वामी को थाने बुलाकर सकुशल बैग, जिसमें 50 हजार रुपये नगद व अन्य सामान सुरक्षित था, सुपुर्द कर दिया। अपना सामान सुरक्षित पाकर बैग स्वामी ने पुलिस और टोल कर्मियों का आभार व्यक्त किया।