हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है: नेशनल चैंबर की गोष्ठी में जुटे आला अधिकारी, उद्योगपतियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प”
स्वच्छता को बनाएं एक जन-आंदोलन: शैलजाकांत मिश्र
कूड़े से बनाएं ऑर्गेनिक खाद, प्लास्टिक मुक्त हो ब्रज: डीएम
शुरुआत अपने घर से करें, पुलिस आपके साथ: एसएसपी
डीआईजी ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
घर की तरह ब्रज को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी: राजीव बृजवासी
मथुरा। नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (रजि.) के तत्वाधान में मसानी स्थित चैंबर भवन पर “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” विषय पर एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ठाकुर जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई।
अतिथियों का भव्य स्वागत
चैंबर के अध्यक्ष राजीव बृजवासी, निवर्तमान अध्यक्ष राजेश बजाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रहलाद खंडेलवाल, उपाध्यक्ष तुषार हाथीवाले, कोषाध्यक्ष अमित जैन, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र हाथीवाले, कृष्ण दयाल अग्रवाल, मंत्री उमेश जुगासना, विशाल अग्रवाल और मनीष शोरावाला ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों को पटका ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र हाथीवाले ने किया।
चैंबर अध्यक्ष राजीव बृजवासी ने स्वागत भाषण में कहा कि ब्रज को स्वच्छ रखना सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। जिस तरह हम अपना घर साफ रखते हैं, उसी तरह ब्रज को भी साफ रखकर विश्व पटल पर इसकी छवि को सुधारना होगा।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से स्वच्छता के तरीकों को समझाया। उन्होंने कहा कि हमें संसाधनों को जोड़कर इसे एक आंदोलन का रूप देना होगा। कोई भी कार्य कठिन हो सकता है, नामुमकिन नहीं; बस दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने लोगों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की भी अपील की।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि हम कूड़ा इकट्ठा कर उससे ऑर्गेनिक खाद बना सकते हैं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों का सम्मान करने की अपील की ताकि उनका उत्साहवर्धन हो। साथ ही ब्रज को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए छोटे-छोटे संगठन बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मथुरा पुलिस हमेशा हर नागरिक के साथ है। स्वच्छता की शुरुआत हमेशा अपने घर और आसपास से होनी चाहिए। जो गलत कर रहा है या गंदगी फैला रहा है, उसे रोकें और खुद भी श्रमदान करें। वहीं विपुल अग्रवाल और विपिन सिंघल ने स्वच्छ मथुरा के लिए चलाए जा रहे अपने प्रोजेक्ट्स पर प्रकाश डाला।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों, उद्योगपतियों और व्यापारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे घर के बाहर कूड़ा नहीं डालेंगे, दूसरों को भी गंदगी फैलाने से रोकेंगे और शहर को स्वच्छ बनाने में प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर पूरा सहयोग देंगे।
इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में आगरा मंडल के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन, मीडिया जगत से विनीत मिश्रा, मुकेश शर्मा, राजीव पाण्डेय, देवेंद्र चौधरी सहित प्रमुख व्यवसायी प्रमोद कसेरे, प्रदीप अग्रवाल, ऋषभ जैन, अंकित बंसल, अभिषेक विशिष्ठ, तुषार गोयल, दीपक गोयल, पंकज मित्तल, गजानंद अग्रवाल, पवन चतुर्वेदी, महेश खंडेलवाल, मुकेश सिंघल, राजीव नैना, राजकुमार अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, पवन अग्रवाल, रमन लाल गुप्ता, कन्हैया लाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने सभी का आभार जताया।