वृंदावन की कला का दिल्ली में सम्मान: पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने गृहमंत्री अमित शाह को भेंट किया ‘श्रीनाथजी’ का भव्य स्वर्ण चित्र
संसद और यूपी विधानसभा में सजे चित्रों की गृहमंत्री ने की जमकर सराहना, ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर पर हुई सार्थक चर्चा
वृंदावन/नई दिल्ली । देश के सुप्रसिद्ध और प्रतिष्ठित चित्रकार, पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने हाल ही में देश के गृहमंत्री अमित शाह से एक शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात नई दिल्ली के कर्तव्य भवन स्थित गृह मंत्रालय के कार्यालय में संपन्न हुई जो करीब 15 मिनट तक चली।
इस विशेष अवसर पर वृंदावन के प्रख्यात कलाकार कृष्ण कन्हाई ने गृहमंत्री अमित शाह को पटका ओढ़ाकर उनका आत्मीय सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने हाथों से तैयार किया हुआ भगवान श्रीनाथजी का एक भव्य स्वर्ण चित्र भी उपहार स्वरूप भेंट किया। 24 कैरेट सोने के वर्क के साथ पारंपरिक और आधुनिक कला के इस अनूठे संगम को देखकर गृहमंत्री जी अत्यंत प्रभावित हुए।
मुलाकात के दौरान गृहमंत्री ने पद्मश्री कृष्ण कन्हाई की उम्र, उनके स्वास्थ्य और उनकी लंबी कला साधना के विषय में विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही दोनों के बीच धार्मिक नगरी वृंदावन की सांस्कृतिक धरोहर और उसकी प्राचीन कला शैलियों के संरक्षण को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई।
वार्तालाप के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कृष्ण कन्हाई द्वारा पूर्व में बनाई गई शानदार कलाकृतियों को याद किया। उन्होंने विशेष रूप से संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के भव्य ‘आदमकद चित्र’ की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की विधान सभा की शोभा बढ़ा रहे सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के चित्रों की बारीकी और जीवंतता की भी जमकर प्रशंसा की।
आपको बता दें कि यह कोई पहली मुलाकात नहीं है; कला और संस्कृति के प्रति गहरी रुचि रखने वाले गृहमंत्री अमित शाह से चित्रकार कृष्ण कन्हाई साल 2023 में भी भेंट कर चुके हैं। कला समीक्षकों का मानना है कि देश के शीर्ष नेतृत्व और स्थापित कलाकारों के बीच इस तरह के संवाद न केवल कलाकारों का हौसला बढ़ाते हैं, बल्कि भारतीय विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं।