हवन यज्ञ के जरिए उठा रजिस्ट्री कार्यालय के निजीकरण विरोध का स्वर, अधिवक्ताओं ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मथुरा। फ्रंट ऑफिस व्यवस्था एवं रजिस्ट्री विभाग के निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को उपनिबंधक कार्यालय, मथुरा में दस्तावेज लेखकों और अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से हवन यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से अपनी मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित निजीकरण व्यवस्था से हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट मंडरा सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए संबंधित पक्षों के साथ संवाद स्थापित किया जाए।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश चौधरी प्रधान ने कहा कि सरकार की बुद्धि शुद्धि एवं जनहित में उचित निर्णय की कामना के साथ हवन यज्ञ किया गया है। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण विरोध का माध्यम बताते हुए कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।