मथुरा। विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को डींग गेट और वृंदावन क्षेत्र में छापेमारी कर बिजली चोरी के 11 मामले पकड़े। कार्रवाई के दौरान अवैध केबलों को जब्त किया गया। बिजली चोरी करने वालों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।
एक्सईएन आशीष गुप्ता के निर्देशन में विजिलेंस प्रभारी अरुण कुमार, एई रेड्स सतेन्द्र कुमार, एसडीओ शुभम अग्रवाल और अन्य अधिकारियों की टीम ने डींग गेट क्षेत्र में अभियान चलाकर सात स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। इसके बाद टीम ने वृंदावन की कान्हा उपवन कॉलोनी में छापेमारी की, जहां चार स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए।
विभागीय टीम ने कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई। पकड़े गए मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधीक्षण अभियंता (शहरी) मुदित तिवारी ने कहा कि विद्युत परिवर्तकों की सुरक्षा और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए बिजली चोरी पर नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने चिन्हित क्षेत्रों में सुबह के समय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के लिए गठित टीम में इंजीनियर शुभम अग्रवाल, गजपाल सिंह, भुवनेश कुमार, संदीप वार्ष्णेय, पंकज शर्मा, सीके शर्मा, भूपेन्द्र कुमार और इंजीनियर पूजा सहित अन्य कर्मचारी शामिल किए गए हैं। आगामी दिनों में छटीकरा, कैंट, वृंदावन, पागल बाबा, जयगुरुदेव, कैंट सदर और सलेमपुर क्षेत्रों में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।