राया से लापता युवा मोबाइल व्यापारी का यमुना में मिला शव, कस्बे में शोक की लहर

राया (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। कस्बा राया से मंगलवार शाम को बिना बताए घर से लापता हुए एक युवा व्यापारी का शव बुधवार सुबह यमुना नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। नदी में शव होने की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा राया की सिंडिकेट बैंक वाली गली में मनोज उर्फ मोनू अग्रवाल (पुत्र श्याम सुंदर अग्रवाल) की मोबाइल की दुकान है। मंगलवार शाम को मोनू अचानक परिजनों को बिना कुछ बताए कहीं चले गए। वे अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवारवाले रात भर रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर उनकी खोजबीन करते रहेलेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

बुधवार की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि जमुनापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना नदी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा गया है। हुलिए के आधार पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की शिनाख्त मनोज उर्फ मोनू अग्रवाल के रूप में हुई। शिनाख्त होते ही परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे।

युवा व्यापारी की इस तरह अचानक हुई मौत से राया कस्बे के व्यापारिक जगत और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है। चेयरमैन राजकुमार अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन राकेश शर्मा, कृष्णकांत अग्रवाल, भूपेश अग्रवाल, पवन अग्रवाल, चंद्रप्रकाश अग्रवाल और प्रवीन अग्रवाल सहित तमाम क्षेत्रवासियों व व्यापारियों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
इस दुखद घटना के कारण ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मासिक सेवा पखवाड़े के समापन के उपलक्ष्य में सादाबाद रोड पर बुधवार को आयोजित होने वाले विशाल प्रसादी (भंडारा) कार्यक्रम को आयोजकों द्वारा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह हादसा है आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।