बिजेन्द्र सिंह ‘गोलावर्मा’ को मिला ब्रज रत्न संगीत शिरोमणि सम्मान

मथुरा । सांसद हेमामालिनी ने वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के सभागार में आयोजित भव्य समारोह में दास नारायण द्वारा लिखित तथा डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा द्वारा संपादित पुस्तक ‘कृष्णभक्ति पद’ का विमोचन किया। विशेष बात यह रही कि पुस्तक के 25 पदों को सांसद हेमामालिनी ने अपनी आवाज भी दी है।
समारोह में आकाशवाणी दिल्ली-मथुरा से जुड़े वरिष्ठ नौटंकी लेखक साहित्यकार एवं पूर्व प्रधानाचार्य बिजेन्द्र सिंह उपनाम ‘गोलावर्मा’ निवासी सरदारगढ़ को ‘ब्रज रत्न संगीत शिरोमणि प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित किया गया। वहीं सरदारगढ़ निवासी रामसिंह को जिकदी भजन रचनाकार प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सांसद हेमामालिनी ने दोनों साहित्यकारों को पटुका पहनाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिजेन्द्र सिंह ‘गोलावर्मा’ ने आकाशवाणी से प्रसारित नौटंकी नाटकों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके नाटकों में बाल विवाह विरोध भ्रूण हत्या रोकथाम नारी सशक्तिकरण पर्यावरण संरक्षण जल संरक्षण स्वच्छता सर्पदंश से बचाव तथा प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि गोलावर्मा समाज सुधारक समरसता के प्रेरक तथा पीड़ित मानवता के हितैषी के रूप में भी पहचान रखते हैं। उन्हें वर्ष 2021 में ब्रज कला केंद्र दिल्ली द्वारा ‘ब्रज विभूति सम्मान’ से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा साहित्य मंडल नाथद्वारा राजस्थान ने उन्हें ‘ब्रज भाषा विभूषण’ उपाधि से भी अलंकृत किया है।

समारोह में ब्रज संस्कृति साहित्य और संगीत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।