मथुरा (बल्देव)। सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो व वीडियो वायरल कर एक युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले शातिर आरोपी को बल्देव थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सटीक सूचना पर खडेरा पुलिया के पास से दबोचा। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 14 मई को एक पीड़िता के पिता ने बल्देव थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि नगला जमुनी निवासी दीपक पुत्र बनवारीलाल ने उनकी नाबालिग पुत्री की अश्लील फोटो और वीडियो खींचकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम) पर पोस्ट कर दी थी। यही नहीं, आरोपी द्वारा लगातार अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी। इस मानसिक प्रताड़ना और बदनामी से आहत होकर पीड़ित युवती ने आत्मघाती कदम उठाते हुए आत्महत्या कर ली थी।
इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ मु0अ0सं0- 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 351(2), 74, पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 और आईटी एक्ट की धारा 67बी के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था जिसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बल्देव पुलिस को मंगलवार (19 मई) तड़के बड़ी कामयाबी मिली। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में खड़ा है।
पुलिस टीम ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए रात करीब 00:55 बजे जुगसना रोड के पास खडेरा पुलिया से आरोपी दीपक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर बलदेव ने बताया कि आरोपी युवक ने लड़की की वीडियो वायरल कर दी थी जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली।