मथुरा । दिल्ली-आगरा हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। गोकुल रेस्टोरेंट के समीप चौधरी कैंटीन के सामने करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गया।
हादसे में चाय पी रहे चार लोग कंटेनर की चपेट में आ गए। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने पर वह डिवाइडर से टकराया और सड़क किनारे मौजूद लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना गोविंदनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान चंदौली, छाता निवासी ललित पुत्र जगदीश और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं नरी, छाता निवासी तेजपाल पुत्र वासुदेव तथा गगनपुर, एटा निवासी विकास पुत्र महेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में कंटेनर हटवाकर सुचारु कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।