बकरीद को लेकर भरतपुर गेट चौकी पर पीस कमेटी बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की

मथुरा।
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भरतपुर गेट चौकी पर पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मथुरा की सीओ सिटी एएसपी आशना चौधरी ने किया।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी, व्यापार मंडल पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी तथा क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बकरीद पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, बाजारों की व्यवस्था और शहर में शांति बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान व्यापारियों ने बाजारों में भीड़ नियंत्रण, अतिक्रमण पर निगरानी, नियमित सफाई व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई।
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने बताया कि बकरीद के अवसर पर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा जल निकासी एवं कूड़ा उठान की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।