मथुरा में इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
फर्जी आईडी बनाकर करता था अश्लील फोटो वायरल
मथुरा। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती के अश्लील फोटो वायरल करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 14 मई 2026 को रात करीब 10:15 बजे यमुना एक्सप्रेसवे लिंक रोड स्थित हेलीपेड के पास से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त कुलदीप पुत्र महावीर, हाल निवासी द्वारकेशपुरम, त्रिवेणी कॉम्पलेक्स, गोवर्धन रोड, बाकलपुर, थाना हाईवे है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी गई थी, जिसमें उनकी पुत्री के अश्लील फोटो को अलग-अलग नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर वायरल करने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक प्रमाणों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि अभियुक्त कुलदीप ही विभिन्न फर्जी आईडी बनाकर इस अपराध को अंजाम दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रफत मजीद, निरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल अभिनव यादव, अजेन्द्र सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर गोविंद सिंह तथा कांस्टेबल अर्जुन सिंह व विजय सिंह की अहम भूमिका रही।
साइबर पुलिस की इस कार्रवाई से सोशल मीडिया पर अपराध करने वालों में हड़कंप मच गया है।