LEADS 2025 में उत्तर प्रदेश को ‘Exemplar’ दर्जा, लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर में देश में बना नंबर-1
न्यू दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने लॉजिस्टिक्स और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए LEADS 2025 रैंकिंग में प्रतिष्ठित “Exemplar” श्रेणी प्राप्त की है। वर्ष 2022 से 2024 तक लगातार “Achiever” श्रेणी में रहने के बाद अब राज्य ने शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी मजबूत प्रगति का प्रमाण दिया है। यह सम्मान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में आयोजित LEADS 2025 रिपोर्ट एवं LEAPS अवॉर्ड समारोह में प्रदान किया गया। उत्तर प्रदेश की ओर से यह पुरस्कार इन्वेस्ट यूपी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी आई ए एस शशांक चौधरी ने ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि LEADS (Logistics Ease Across Different States) रैंकिंग की शुरुआत वर्ष 2018 में Department for Promotion of Industry and Internal Trade (DPIIT) द्वारा की गई थी, जो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लॉजिस्टिक्स प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, सेवाएं, नियामकीय व्यवस्था और संचालन क्षमता जैसे महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया जाता है।
इस उपलब्धि पर इन्वेस्ट यूपी के एसीओ शशांक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य ने लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को अपनी अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनाया है। उत्तर प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स नीति 2022 ने इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य में पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान के अनुरूप सिटी लॉजिस्टिक्स मास्टरप्लान तैयार किए गए हैं जिससे परिवहन लागत कम करने, अंतिम छोर तक बेहतर कनेक्टिविटी देने और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही प्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउस, ग्रामीण गोदाम और कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए निजी निवेश और PPP मॉडल को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर और नए एयरपोर्ट के आसपास विकसित किए जा रहे लॉजिस्टिक्स हब उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।