नीट – यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी , छात्रों पर नहीं पड़ेगा कोई अतिरिक्त बोझ

नई दिल्ली । राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य और उनकी मेहनत के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा शिक्षा माफियाओं को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने स्वीकार किया कि नीट-यूजी 2026 का पेपर लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के बावजूद कमान श्रृंखला में सेंध लगी। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि तीन मई को परीक्षा आयोजित हुई थी और सात मई को एनटीए को शिकायत मिली कि कुछ प्रश्न तथाकथित ‘गेस पेपर’ से मेल खाते हैं। इसके बाद सरकार और एनटीए ने तुरंत जांच शुरू की तथा राज्यों की एजेंसियों से संपर्क किया। जांच में पेपर लीक की पुष्टि होने पर सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया ताकि ईमानदारी से मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह लड़ाई शिक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने और छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की जाती है लेकिन सरकार इस बार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोबारा परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से नीट परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में कराई जाएगी। इससे पहले शिक्षा मंत्री ने गुरुवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें शिक्षा मंत्रालय और एनटीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली में बदलाव और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा की गई ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

गौरतलब है कि हाल ही में नीट-यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों के आरोपों के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। विरोध प्रदर्शनों और बढ़ते दबाव के बीच सरकार ने परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराने का निर्णय लिया। एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।